मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया HPCL पचपदरा फ्लैगशिप आउटलेट का उद्घाटन
बालोतरा के पचपदरा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने HPCL के फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट का उद्घाटन किया। 10 हजार पौधों का रोपण हुआ, जबकि राजस्थान रिफाइनरी को प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली परियोजना बताया।

नेचर टाइम्स न्यूज नेटवर्क | जयपुर
जयपुर, 3 जुलाई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित मंडापुरा में एचपीसीएल के नए फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रदेशभर के एचपीसीएल आउटलेट्स पर एक साथ 10 हजार पौधों का रोपण कर हरित राजस्थान के संकल्प को नई मजबूती दी गई।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान नए रिटेल आउटलेट पर विकसित आधुनिक फूड प्लाजा भी आमजन को समर्पित किया। एचपीसीएल अधिकारियों ने बताया कि इस फ्लैगशिप आउटलेट का निर्माण राजस्थानी संस्कृति और पारंपरिक स्थापत्य शैली की थीम पर किया गया है, जिससे स्थानीय विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने इसे राजस्थान की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली ऐतिहासिक परियोजना बताते हुए कहा कि यह रिफाइनरी प्रदेश के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और देश की ऊर्जा सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, विधायक अरुण चौधरी, हमीर सिंह भायल, डॉ. प्रियंका चौधरी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, एचपीसीएल के सीएमडी विकास कौशल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और एचपीसीएल के अधिकारी मौजूद रहे।



