राजस्थान राज्य वन्यजीव मंडल की स्थायी समिति की बैठक कल, 18 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर होगा मंथन
मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के बफर विस्तार, टॉडगढ़-रावली और नाहरगढ़ में 2,157 पेड़ों की कटाई की शर्तों में छूट सहित विकास एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर होगी चर्चा
विशेष संवाददाता सुमित जुनेजा | नेचर टाइम्स
जयपुर, 27 नवंबर 2026।
राजस्थान के वन्यजीवों, प्राकृतिक आवासों, बाघों के विचरण क्षेत्रों और संरक्षित वन क्षेत्रों के भविष्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर शनिवार को जयपुर में मंथन होगा। राज्य वन्यजीव मंडल की स्थायी समिति की 9वीं बैठक अब 28 नवंबर को सुबह 11 बजे अरण्य भवन के कक्ष संख्या ए-115 में आयोजित होगी। पूर्व में यह बैठक 27 नवंबर को निर्धारित थी, जिसे अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर अगले दिन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि बैठक का एजेंडा और अन्य कार्यसूची यथावत रखी गई है।
वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में वन्यजीव स्वीकृति से जुड़े 16 नए प्रस्तावों के साथ पूर्व में स्वीकृत दो परियोजनाओं की शर्तों में आंशिक छूट देने पर भी विचार किया जाएगा।
मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक एवं स्थायी समिति के सदस्य सचिव के.सी.ए. अरुण प्रसाद की ओर से जारी बैठक सूचना और 147 पृष्ठों के विस्तृत एजेंडे में वन्यजीव संरक्षण, पर्यटन, खनन, सड़क निर्माण, विद्युत परियोजनाओं और संरक्षित क्षेत्रों के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं।
मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में करीब 299 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र जोड़ने की तैयारी
बैठक का वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र का विस्तार है। इसके तहत लगभग 29,916.17 हेक्टेयर यानी 299.16 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र को टाइगर रिजर्व के बफर में शामिल करने की अनुशंसा की गई है।
प्रस्ताव में कंकेश्वर ए, बी एवं सी, मोहनामातासरा, डोटरा, बरखेड़ा, पीपल्दा, रोड़ी, खेड़ली और एकलिंगपुरा सहित विभिन्न वन खंडों को शामिल किया गया है।
विशेष बात यह है कि प्रस्तावित विस्तार में किसी निजी अथवा राजस्व भूमि को शामिल नहीं किया गया है। इसमें आरक्षित, संरक्षित और अवर्गीकृत वन भूमि शामिल है।
भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) की 30 मार्च 2025 की अध्ययन रिपोर्ट तथा राष्ट्रीय वन्यजीव मंडल द्वारा गठित समिति की 18 अगस्त 2025 की रिपोर्ट में भी इस क्षेत्र को मुकुंदरा के बफर में शामिल करने का समर्थन किया गया है।
राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य की सीमा के पुनर्निर्धारण के तहत 732 हेक्टेयर क्षेत्र को अधिसूचना से बाहर करने की स्वीकृति के मद्देनजर यह प्रस्ताव पारिस्थितिक संतुलन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना गया है।
बफर विस्तार से बाघों और अन्य वन्यजीवों के प्राकृतिक विचरण मार्गों को मजबूती मिलने, गांधी सागर एवं जवाहर सागर के वन क्षेत्रों से संपर्क बेहतर होने, शिकार प्रजातियों की उपलब्धता बढ़ने तथा वन्यजीव आवासों पर बाहरी दबाव कम होने की संभावना जताई गई है।
मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने इस प्रस्ताव की अनुशंसा की है।
टॉडगढ़-रावली अभयारण्य में 2,011 पेड़ों की कटाई का प्रस्ताव
टॉडगढ़-रावली वन्यजीव अभयारण्य से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 458 के रायपुर-जस्साखेड़ा खंड में दो लेन की एलिवेटेड सड़क के निर्माण का प्रस्ताव एक बार फिर स्थायी समिति के समक्ष रखा जाएगा।
परियोजना के लिए 23.5224 हेक्टेयर क्षेत्र प्रस्तावित है। इसे 24 अक्टूबर 2024 को इस शर्त के साथ सैद्धांतिक स्वीकृति जारी की गई थी कि संरक्षित क्षेत्र में पेड़ों की कटाई और जलाऊ लकड़ी जलाने की अनुमति नहीं होगी।
बाद में परियोजना की कार्यकारी एजेंसी ने 2,011 पेड़ों की कटाई की आवश्यकता बताते हुए इस शर्त में आंशिक छूट मांगी।
26 मई 2026 को आयोजित स्थायी समिति की पिछली बैठक में प्रस्ताव को स्थगित करते हुए स्थल निरीक्षण कराने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद समिति सदस्य निरंजन कुमार बासु और मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पहाड़ों की कटाई, जल निकासी संरचनाओं, रिटेनिंग एवं ब्रेस्ट वॉल, एलिवेटेड रोड और सर्विस रोड के निर्माण से वन्यजीव आवासों पर प्रभाव पड़ने की संभावना सामने आई है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में वैकल्पिक राष्ट्रीय राजमार्ग संपर्क उपलब्ध होने का भी उल्लेख किया गया है।
ऐसे में विस्तृत चर्चा के बाद ही आगे की कार्रवाई करना उचित बताया गया है।
नाहरगढ़ में बंजी जंपिंग के लिए 146 पेड़ों की कटाई पर फिर होगा विचार
जयपुर के नाहरगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में मैसर्स मील स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड की बंजी जंपिंग परियोजना भी बैठक के महत्वपूर्ण विषयों में शामिल है। लगभग 0.6536 हेक्टेयर वन भूमि पर प्रस्तावित इस परियोजना में बंजी जंपिंग क्षेत्र, पहुंच मार्ग, पार्किंग, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, विद्युत सेवा क्षेत्र, स्टोर रूम और अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना है। राष्ट्रीय वन्यजीव मंडल की स्थायी समिति ने 30 जनवरी 2024 को आयोजित अपनी 77वीं बैठक में परियोजना की शर्तों के साथ अनुशंसा की थी। इसके संबंध में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने 16 फरवरी 2024 को पत्र जारी किया था। स्वीकृति की प्रमुख शर्तों में संरक्षित क्षेत्र में पेड़ों की कटाई नहीं करना शामिल था। बाद में परियोजना के लिए 146 पेड़ों की कटाई की आवश्यकता बताते हुए इस शर्त में छूट मांगी गई।
7 नवंबर 2025 की बैठक में समिति ने पेड़ों की कटाई की आवश्यकता का पुनः परीक्षण कराने का निर्णय लिया था। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने 16 सितंबर 2026 को परियोजना स्थल का निरीक्षण किया, जिसके बाद अब यह प्रस्ताव पुनः चर्चा के लिए प्रस्तुत किया गया है।
बंजी जंपिंग की टिकट आय में वन विभाग की 20 प्रतिशत हिस्सेदारी का प्रस्ताव
एजेंडे में उल्लेख किया गया है कि वन विभाग में इससे पहले एडवेंचर टूरिज्म से संबंधित वन्यजीव स्वीकृति जारी नहीं की गई है। इस कारण ऐसी परियोजनाओं से प्राप्त शुल्क में वन विभाग की हिस्सेदारी के संबंध में पूर्व उदाहरण उपलब्ध नहीं है।
अब नाहरगढ़ की प्रस्तावित बंजी जंपिंग परियोजना में पर्यटकों से प्राप्त टिकट आय का 20 प्रतिशत हिस्सा वन विभाग को देने का प्रस्ताव रखा गया है।
परियोजना की पूर्व स्वीकृति में पर्यटन गतिविधियों को सूर्योदय से सूर्यास्त तक सीमित रखने, रात्रिकालीन कैंपिंग पर रोक, प्लास्टिक कचरे का अभयारण्य से बाहर निस्तारण और परियोजना क्षेत्र में छह फीट ऊंची चेन लिंक फेंसिंग जैसी शर्तें भी शामिल हैं।
नाहरगढ़ के इको सेंसिटिव जोन में होटल-रिसॉर्ट का प्रस्ताव
जयपुर की आमेर तहसील के नांगल सुसावतान गांव में मैसर्स इंदर कॉलोनाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड की होटल एवं रिसॉर्ट परियोजना के लिए वन्यजीव स्वीकृति का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा।
नाहरगढ़ वन्यजीव अभयारण्य के इको सेंसिटिव जोन से संबंधित इस परियोजना का प्रस्तावित क्षेत्र 7.33 हेक्टेयर है।
मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने विभिन्न पर्यावरणीय एवं वन्यजीव संरक्षण संबंधी शर्तों के साथ परियोजना की अनुशंसा की है। इसके तहत वन्यजीव संरक्षण एवं परियोजना के प्रभावों को कम करने के उपायों के लिए राजस्थान प्रोटेक्टेड एरिया कंजर्वेशन सोसायटी (RPACS) में 2.50 करोड़ रुपये जमा कराने की शर्त प्रस्तावित है।
करौली में सिलिका सैंड खनन के पक्ष में नहीं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक
करौली जिले के मनोहरपुरा गांव के निकट मोहम्मद रफीक की 4.40 हेक्टेयर क्षेत्र में सिलिका सैंड खनन परियोजना, खनन पट्टा संख्या 03/2008, का प्रस्ताव भी समिति के समक्ष रखा जाएगा।
प्रस्तावित खनन क्षेत्र रणथंभौर टाइगर रिजर्व एवं कैलादेवी वन्यजीव अभयारण्य से 6.40 किलोमीटर और धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व के क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट की सीमा से 9.30 किलोमीटर दूर बताया गया है।
वन्यजीवों के विचरण, संरक्षित क्षेत्रों की निकटता, इको सेंसिटिव जोन की अधिसूचना की स्थिति और संरक्षण संबंधी एहतियाती सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने इस खनन परियोजना की अनुशंसा नहीं की है।
रामगढ़ विषधारी में सड़क चौड़ीकरण पर भी वन्यजीव संरक्षण की चिंता
कोटा-जाहजपुर वाया बिजौलिया-शक्करगढ़ मार्ग के एमडीआर-41 के किलोमीटर 20.500 से 56 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र से संबंधित है।
इसके लिए 6.279 हेक्टेयर क्षेत्र प्रस्तावित है। सड़क वन खंड को दो हिस्सों में विभाजित करती है। इसके चौड़ीकरण से वन क्षेत्रों में मानवीय गतिविधियों और वन्यजीव आवासों पर दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने इस प्रस्ताव की भी अनुशंसा नहीं की है।
वन्यजीव स्वीकृति के लिए बैठक में रखे जाएंगे ये 16 नए प्रस्ताव
1. रणथंभौर टाइगर रिजर्व : सवाई माधोपुर में खंडार से सांवटा वाया नायपुर-तलावड़ा ओडीआर-18 सड़क का नवीनीकरण। वन्यजीव संरक्षण उपायों के लिए 36 लाख रुपये जमा कराने की शर्त प्रस्तावित है।
2. धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व : सोने का गुर्जा से चंदेलीपुरा होते हुए करौली-धौलपुर जिला सीमा तक एसएच-137 सड़क का सुदृढ़ीकरण। प्रस्ताव में 29.2243 हेक्टेयर क्षेत्र तथा संरक्षण उपायों के लिए 1.15 करोड़ रुपये का उल्लेख है।
3. रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व : बूंदी में फूलसागर फोर्ट वॉल की मौजूदा सड़क की विशेष मरम्मत। प्रस्तावित क्षेत्र 1.74 हेक्टेयर है।
4. कैलादेवी अभयारण्य एवं रणथंभौर टाइगर रिजर्व : करौली के मनोहरपुरा में 4.40 हेक्टेयर क्षेत्र में सिलिका सैंड खनन परियोजना।
5. जवाहर सागर अभयारण्य : कटूंदा-बड़ोदिया-श्री मार्ग एसएच-9ए पर किलोमीटर 52 पर श्रीपुरा खाल की मौजूदा पुलिया की मरम्मत। लैंटाना हटाने सहित संरक्षण उपायों के लिए 5.01 लाख रुपये की शर्त प्रस्तावित है।
6. रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व : कोटा-जाहजपुर वाया बिजौलिया-शक्करगढ़ मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण।
7. डेजर्ट नेशनल पार्क : जैसलमेर की सम तहसील के गंगा गांव में कृषि नलकूप के विद्युत कनेक्शन के लिए 11 केवी भूमिगत बिजली लाइन बिछाने का प्रस्ताव।
8. राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य : जल जीवन मिशन के तहत अलवर और भरतपुर जिलों के गांवों में घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से सतही जल उपलब्ध कराने की परियोजना। इसमें केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान को पानी उपलब्ध कराना भी शामिल है। प्रस्ताव में 80 पेड़ों की कटाई और संरक्षण उपायों के लिए 3.50 करोड़ रुपये का उल्लेख है।
9. सरिस्का टाइगर रिजर्व : शाहपुरा-थानागाजी-अलवर-रामगढ़-नूंह मार्ग पर मुंडावरा मोड़ से तालवृक्ष होते हुए कुशलगढ़ तक एनएच-248 की विशेष मरम्मत। संरक्षण उपायों के लिए 60 लाख रुपये की शर्त प्रस्तावित है।
10. माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य : सीमा सुरक्षा बल (BSF) के गांधीनगर सेक्टर मुख्यालय के अंतर्गत गुरु शिखर क्षेत्र में रिपीटर स्टेशन की स्थापना। वन विभाग के पुराने जर्जर भवन के स्थान पर समान क्षेत्रफल की नई चौकी अथवा वॉच टावर उपलब्ध कराने की शर्त भी प्रस्तावित है।
11. मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व : करीब 29,916 हेक्टेयर वन भूमि को बफर क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव।
12. नाहरगढ़ वन्यजीव अभयारण्य : इको सेंसिटिव जोन में नांगल सुसावतान में होटल एवं रिसॉर्ट परियोजना।
13. मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व एवं दर्रा अभयारण्य : कोटा जिले में एनएच-52 पर दर्रा की नाल स्थित आमझर पुल की मरम्मत एवं पुनर्वास। संरक्षण उपायों के लिए 10 लाख रुपये जमा कराने की शर्त प्रस्तावित है।
14. धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व : करौली-कैलादेवी विद्युत लाइन के डायवर्जन प्वाइंट से मंडरायल के 132 केवी सब स्टेशन तक दूसरे सर्किट के निर्माण का प्रस्ताव। परियोजना की कुल लंबाई 44.752 किलोमीटर है। इसमें 50 पेड़ों की कटाई तथा संरक्षण उपायों के लिए 32 लाख रुपये का उल्लेख है।
15. जमवारामगढ़ वन्यजीव अभयारण्य : मनोहरपुर से दौसा तक एनएच-148 के 62.220 किलोमीटर लंबे मौजूदा दो लेन मार्ग के उन्नयन का प्रस्ताव। इसमें 33.9435 हेक्टेयर क्षेत्र, 264 पेड़ों की कटाई तथा वन्यजीव संरक्षण उपायों के लिए 6.83 करोड़ रुपये जमा कराने की शर्त प्रस्तावित है।
16. भैंसरोड़गढ़ वन्यजीव अभयारण्य : मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र से संबंधित चित्तौड़गढ़ जिले की रावतभाटा तहसील में खालाखेत पंप हाउस से बखतपुरा तक 11 केवी भूमिगत विद्युत केबल बिछाने का प्रस्ताव। इसमें 0.5017 हेक्टेयर क्षेत्र और संरक्षण उपायों के लिए 1.50 लाख रुपये का उल्लेख है।
वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कई सख्त शर्तें प्रस्तावित
विभिन्न परियोजनाओं के लिए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों और विचरण की सुरक्षा के मद्देनजर कई शर्तें प्रस्तावित की हैं।
इनमें परियोजना के अनुसार सूर्योदय से पहले और सूर्यास्त के बाद निर्माण कार्य पर रोक, संरक्षित क्षेत्रों से निर्माण सामग्री निकालने पर प्रतिबंध, अनधिकृत वृक्ष कटाई पर रोक, निर्माण कचरे का सुरक्षित निस्तारण, अभयारण्य की सीमा से एक किलोमीटर के भीतर श्रमिक शिविर एवं विस्फोटक गतिविधियों पर रोक, तेज रोशनी और अत्यधिक ध्वनि पर प्रतिबंध जैसी शर्तें शामिल हैं।
सड़क परियोजनाओं में वन्यजीवों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए चेतावनी संकेतक, गति नियंत्रण और स्पीड ब्रेकर लगाने सहित भारतीय वन्यजीव संस्थान के दिशा-निर्देशों का पालन करने की शर्तें भी रखी गई हैं।
जवाई में अवैध लेपर्ड सफारी रोकने की एसओपी को न्यायालय की स्वीकृति
बैठक में 26 मई 2026 को आयोजित स्थायी समिति की आठवीं बैठक के निर्णयों की अनुपालना एवं प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।
रिपोर्ट के अनुसार जवाई कंजर्वेशन रिजर्व क्षेत्र की राजस्व भूमि पर निजी वाहनों से लेपर्ड सफारी कराने, तेंदुओं को जीवित चारा देने और उनके साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए तैयार मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) को 5 सितंबर 2026 को न्यायालय द्वारा स्वीकृति दी जा चुकी है।
इस प्रक्रिया में ड्रोन के उपयोग और वन्यजीवों को आवाज देकर बुलाने जैसी गतिविधियों को नियंत्रित करने, शिकायतों के निस्तारण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा संबंधित विभागों के कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने जैसे विषय शामिल हैं।
पिछली बैठक के 11 प्रस्तावों की क्या रही स्थिति?
अनुपालना रिपोर्ट के अनुसार पिछली बैठक में प्रस्तुत 11 नए प्रस्तावों में से कई को सैद्धांतिक अथवा अंतिम स्वीकृति जारी की जा चुकी है, जबकि कुछ केंद्र सरकार के स्तर पर लंबित हैं।
– गणेश धाम प्रवेश द्वार से रणथंभौर दुर्ग तक सड़क नवीनीकरण को 15 जुलाई 2026 को सैद्धांतिक स्वीकृति।
– डाबी से उंडरो का खेड़ा वाया बिजौलिया भूमिगत ऑप्टिकल फाइबर केबल परियोजना को 20 जुलाई 2026 को अंतिम स्वीकृति।
– कोटड़ी से केमला सड़क निर्माण का प्रस्ताव केंद्र सरकार के स्तर पर लंबित।
– लुहारिया पहुंच मार्ग निर्माण का प्रस्ताव केंद्र सरकार के स्तर पर लंबित।
– भड़ला से फतेहपुर तक प्रस्तावित ±800 केवी एचवीडीसी विद्युत लाइन के राजस्थान हिस्से को 18 अगस्त 2026 को सैद्धांतिक स्वीकृति।
– निजी खातेदारी भूमि पर विद्युत कनेक्शन का प्रस्ताव केंद्र सरकार के स्तर पर लंबित।
– करौली के पहाड़पुरा और चोरका खुर्द में भारती हेक्साकॉम के दो मोबाइल टावरों के प्रस्तावों को 30 जून 2026 को अस्वीकृति जारी।
– उदयपुर की कोटड़ा तहसील के भीम तलाई और झेर में बीएसएनएल के दो मोबाइल टावरों को 3 नवंबर 2026 को अंतिम स्वीकृति।
– बूंदी जिले में मेज नदी पर बैराज निर्माण परियोजना को 18 अगस्त 2026 को सैद्धांतिक स्वीकृति।
संरक्षित क्षेत्रों में डिजिटल टिकटिंग और ऑनलाइन निगरानी की तैयारी
राजस्थान के संरक्षित क्षेत्रों में पर्यटकों की बुकिंग, प्रवेश, निगरानी और रिपोर्टिंग को व्यवस्थित करने के लिए एकीकृत विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने का प्रस्ताव भी पिछली बैठक में रखा गया था।
इस प्रणाली में क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग, पर्यटकों का सत्यापन, स्पर्शरहित प्रवेश, वास्तविक समय में निगरानी और स्वचालित रिपोर्टिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में पहले से संचालित प्रणाली के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए अन्य टाइगर रिजर्व में भी इसे लागू करने पर सैद्धांतिक सहमति जताई गई थी। अनुपालना रिपोर्ट के अनुसार एचडीएफसी से प्रस्ताव प्राप्त हुआ है और कार्य प्रगति पर है।
जयपुर के हाथियों के स्वास्थ्य और कल्याण का परीक्षण
जयपुर में रखे गए बंदी हाथियों के स्वास्थ्य, खान-पान, रखरखाव, कल्याण और प्रबंधन की जांच तथा उनके लिए दीर्घकालिक नीति तैयार करने के उद्देश्य से विशेषज्ञ समिति गठित करने का निर्णय पिछली बैठक में लिया गया था।
अनुपालना रिपोर्ट के अनुसार पांच सदस्यीय दल ने 14 से 18 सितंबर 2026 तक इस संबंध में परीक्षण का कार्य किया है।
सरिस्का क्षेत्र में शुभम मार्बल खदान की वन्यजीव स्वीकृति निरस्त करने का मामला
अलवर जिले की थानागाजी तहसील के झिरी गांव में शुभम मार्बल खनन पट्टा संख्या 258/1989 से संबंधित वन्यजीव स्वीकृति के निरस्तीकरण का मामला भी अनुपालना रिपोर्ट में शामिल है।
विभागीय निरीक्षण रिपोर्ट में सैद्धांतिक स्वीकृति की शर्तों का पूर्ण पालन नहीं होने तथा अंतिम वन्यजीव स्वीकृति प्राप्त किए बिना खनन कार्य संचालित किए जाने का उल्लेख किया गया था।
इसके बाद 25 मार्च 2022 को प्रदान की गई वन्यजीव स्वीकृति के निरस्तीकरण अथवा वापस लेने संबंधी प्रस्ताव को आवश्यक दस्तावेजों एवं टिप्पणियों के साथ 3 जून 2026 को राष्ट्रीय वन्यजीव मंडल की स्थायी समिति के विचारार्थ भेजा गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई अपेक्षित है।
कुशलगढ़ फोर्ट में आधुनिक वन्यजीव चिकित्सालय का प्रस्ताव
वन्यजीवों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुशलगढ़ फोर्ट में शाइन फाउंडेशन के सहयोग से आधुनिक पशु चिकित्सालय स्थापित करने के प्रस्ताव पर पिछली बैठक में सैद्धांतिक सहमति जताई गई थी।
अनुपालना रिपोर्ट में इस विषय को चर्चा के लिए प्रस्तुत किया गया है।
तीन संरक्षित क्षेत्रों में कैमरों से लाइव निगरानी शुरू
वन्यजीव संरक्षण एवं निगरानी को मजबूत करने के लिए वाइल्डलाइफ सर्विलांस सिस्टम के तीसरे चरण के अंतर्गत सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (DoIT) के सहयोग से जमवारामगढ़ वन्यजीव अभयारण्य, केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान और रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में उपकरण स्थापित करने का कार्य पूरा हो चुका है।
इन क्षेत्रों में कैमरों से लाइव फीड प्राप्त हो रही है। वहीं टॉडगढ़-रावली अभयारण्य और धौलपुर के राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य में निगरानी टावर स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है।
वन विभाग की टोल फ्री हेल्पलाइन 1926 के व्यापक प्रचार-प्रसार का कार्य भी पूरा बताया गया है।
नाहरगढ़ अभयारण्य में प्रवेश शुल्क लगाने की तैयारी
जयपुर के नाहरगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में आगंतुकों के प्रवेश को व्यवस्थित करने के लिए प्रवेश शुल्क लागू करने पर पिछली बैठक में सैद्धांतिक सहमति जताई गई थी।
हालांकि वर्तमान अनुपालना रिपोर्ट के अनुसार इसका विस्तृत प्रस्ताव अभी तैयार किया जाना बाकी है।
पेड़ों की कटाई की शर्तों में छूट के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भी आवश्यक होगी प्रक्रिया
एजेंडे में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के 9 सितंबर 2025 के परिपत्र का भी उल्लेख किया गया है।
इसके अनुसार मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक अथवा राज्य वन्यजीव मंडल की अनुशंसा के समय निर्धारित किसी शर्त में छूट या शिथिलता प्राप्त करने के लिए संबंधित परियोजना एजेंसी को पहले राज्य स्तर पर आवेदन प्रस्तुत करना होगा।
इसके बाद राज्य वन्यजीव मंडल की स्पष्ट अनुशंसा के साथ प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव मंडल की स्थायी समिति को भेजा जाएगा।
ऐसे में टॉडगढ़-रावली और नाहरगढ़ की परियोजनाओं में पेड़ों की कटाई के लिए मांगी गई छूट पर राज्य स्तर की चर्चा के बाद भी निर्धारित राष्ट्रीय स्तर की प्रक्रिया महत्वपूर्ण रहेगी।
विकास और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन की चुनौती
राजस्थान में एक ओर बाघों के प्राकृतिक आवासों का विस्तार करने और वन्यजीव गलियारों को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर संरक्षित क्षेत्रों में सड़क निर्माण, पर्यटन परियोजनाओं, विद्युत लाइनों और वृक्ष कटाई के प्रस्ताव भी सामने आ रहे हैं।
ऐसे में राज्य वन्यजीव मंडल की स्थायी समिति की शनिवार को होने वाली बैठक महत्वपूर्ण होगी। विशेष रूप से मुकुंदरा के बफर क्षेत्र का विस्तार, टॉडगढ़-रावली में 2,011 और नाहरगढ़ में 146 पेड़ों की कटाई की शर्तों में छूट, करौली में खनन तथा रामगढ़ विषधारी में सड़क चौड़ीकरण जैसे प्रस्तावों पर समिति के निर्णयों पर नजर रहेगी।



