धौलपुर के रामसागर अभयारण्य में शिकारी गिरोह पर बड़ा एक्शन, हथियारों सहित दो आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य क्षेत्र में वन विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश देकर लोडेड बंदूक, बारूद, जाल और शिकार सामग्री बरामद की। आरोपी तीत्तर और जंगली खरगोश के शिकार की तैयारी में थे।

धौलपुर, 13 मई 2026 | राकेश कुमार गोस्वामी, नेचर टाइम्स
राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य और रामसागर वन्यजीव क्षेत्र में अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध शिकारियों को हथियारों और शिकार सामग्री सहित गिरफ्तार किया है। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने ग्राम जम्हूरा के पास दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से लोडेड टोपीदार बंदूक, धारदार चाकू, बारूद, छर्रे, जाल, गिलोल और हाई पावर टॉर्च जैसी सामग्री बरामद हुई, जिससे वन्यजीवों के बड़े शिकार की तैयारी की आशंका जताई जा रही है।
वन विभाग के अनुसार रामसागर अभयारण्य क्षेत्र में दो व्यक्ति हथियारों के साथ घूम रहे थे और वन्यजीवों के शिकार की फिराक में थे। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उप वन संरक्षक, वन्यजीव राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य धौलपुर डॉ. आशीष व्यास के निर्देश पर क्षेत्रीय वन अधिकारी दीपक कुमार मीना के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम जम्हूरा के निकट घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुम्हेर पुत्र प्रभु, उम्र 33 वर्ष तथा लाखन पुत्र हीरा, उम्र 65 वर्ष, निवासी ग्राम जम्हूरा के रूप में हुई है। कुम्हेर के कब्जे से एक थैले में रखे चार धारदार चाकू, एक चार्जिंग टॉर्च, एक जाल, एक गिलोल, करीब 150 ग्राम बारूद, 80 छर्रे और डाट वाला कपड़ा बरामद किया गया। वहीं लाखन के कब्जे से एक लोडेड टोपीदार बंदूक जब्त की गई। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तीत्तर और जंगली खरगोश के शिकार की योजना स्वीकार की।
वन विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में वनपाल नाका रामसागर राजेश मीना, वनरक्षक रामधन, दयानंद यादव, दीनदयाल सहित सरमथुरा रेंज, वनविहार रेंज और चम्बल रेंज की संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
क्षेत्रीय वन अधिकारी दीपक कुमार मीना ने बताया कि अभयारण्य क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है और अवैध रूप से प्रवेश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के दौरान अभयारण्य क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
उप वन संरक्षक डॉ. आशीष व्यास ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य और प्रस्तावित टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीवों का अवैध शिकार करने वालों तथा शिकार खरीदने वाले नेटवर्क के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा। वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय वन्यजीव अपराधियों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।




