
28 अप्रैल 2026
Nature Times Desk,
सीतापुरा स्थित Jaipur Exhibition and Convention Centre (JECC) में आयोजित द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (GITB) 2026 का 15वां संस्करण मंगलवार को भव्य और प्रभावशाली समापन के साथ संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि राजस्थान अब केवल पारंपरिक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि अनुभव-आधारित (Experiential) पर्यटन, निवेश और वैश्विक साझेदारियों का एक मजबूत केंद्र बन चुका है। आयोजन की शुरुआत उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा उद्घाटन के साथ हुई, जहां उन्होंने स्पष्ट कहा कि आधुनिक पर्यटक अब केवल घूमने नहीं, बल्कि संस्कृति, खानपान, परंपरा और जीवनशैली का अनुभव लेने आता है—और राजस्थान इस दृष्टि से दुनिया के सामने एक अद्वितीय मॉडल प्रस्तुत करता है।

आयोजन के दौरान 50 से अधिक देशों के 195 से ज्यादा विदेशी टूर ऑपरेटर्स की भागीदारी ने भारत और विशेष रूप से राजस्थान की बढ़ती वैश्विक पर्यटन क्षमता को मजबूती से प्रदर्शित किया। 10,000 से अधिक पूर्व-निर्धारित B2B बैठकों ने अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और भारतीय विक्रेताओं के बीच मजबूत व्यावसायिक नेटवर्क स्थापित किए, जिससे दीर्घकालिक साझेदारियों और निवेश के नए रास्ते खुले। मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण राजस्थान तेजी से वर्षभर पर्यटन गंतव्य के रूप में उभर रहा है, जहां पर्यटन अब केवल यात्रा नहीं बल्कि रोजगार, आर्थिक सशक्तिकरण और क्षेत्रीय विकास का प्रमुख माध्यम बन चुका है।
राष्ट्रीय स्तर पर इस आयोजन को नई दिशा देते हुए भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक सुमन बिल्ला ने कहा कि भारत आने वाले वर्षों में पर्यटन के माध्यम से GDP में महत्वपूर्ण वृद्धि का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है, और GITB जैसे मंच वैश्विक कनेक्टिविटी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, गोवा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब के पवेलियनों ने विरासत, वेलनेस, वन्यजीव, आध्यात्मिक और अनुभव-आधारित पर्यटन की विविध झलक प्रस्तुत की, जबकि लग्जरी होटल, रिसॉर्ट्स और ट्रैवल टेक्नोलॉजी कंपनियों की भागीदारी ने निवेश और नवाचार को नई गति दी।

कार्यक्रम के दूसरे दिन आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स ने उद्योग में उत्कृष्टता को सम्मानित करते हुए गुणवत्ता, स्थिरता और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा दिया। वहीं समापन दिवस पर खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए प्रतिष्ठित लग्जरी ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स लक्जरी ट्रेन का विशेष शोकेस किया गया, जिसने अपनी शाही भव्यता, विश्वस्तरीय सुविधाओं और विरासत से जुड़े अनुभव से विदेशी ऑपरेटर्स को प्रभावित किया। कई अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स ने इसे अपने प्रीमियम टूर पैकेज में शामिल करने की रुचि दिखाई, जिससे राजस्थान के लक्जरी पर्यटन को नया आयाम मिलने की संभावना है।

राजस्थान की पर्यटन आयुक्त रूक्मणी रियार ने कहा कि GITB 2026 ने वैश्विक चुनौतियों के बावजूद राजस्थान को अनुभव-आधारित और निवेश-तैयार गंतव्य के रूप में स्थापित किया है। वहीं राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (RATO) के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राठौड़ ने जानकारी दी कि लगभग 90 विदेशी प्रतिनिधियों के लिए जयपुर, उदयपुर, रणथंभौर, जैसलमेर और जोधपुर के लिए विशेष FAM टूर आयोजित किए जाएंगे, जिससे उन्हें राज्य की विविध पर्यटन संभावनाओं का प्रत्यक्ष अनुभव मिल सके।
इसी कड़ी में जयपुर के द ललित जयपुर में इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (IACC) के राजस्थान चैप्टर का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया, जो इंडो-यूएस व्यापार, निवेश और तकनीकी साझेदारी को नई दिशा देने वाला अहम कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि और अमेरिकी दूतावास के कमर्शियल अफेयर्स मिनिस्टर काउंसलर जोनाथन हैमर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस मौके पर दिया कुमारी ने कहा कि IACC राजस्थान चैप्टर राज्य में वैश्विक निवेश, स्टार्टअप ग्रोथ, टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप और पॉलिसी डायलॉग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इसे केवल आर्थिक अवसर नहीं बल्कि इनोवेशन, रोजगार सृजन और सस्टेनेबल ग्रोथ की दिशा में बड़ा कदम बताया।

राजस्थान पर्यटन विभाग, भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और FICCI के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित GITB 2026 ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह भारत का प्रमुख इनबाउंड पर्यटन मंच है, जो वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करते हुए पर्यटन, निवेश और आर्थिक विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राजस्थान अब केवल एक पर्यटन राज्य नहीं, बल्कि एक उभरता हुआ वैश्विक आर्थिक और अनुभव-आधारित गंतव्य बनकर सामने आ रहा है ।



