जयपुर में हिमालयन काले भालुओं की नई जोड़ी आकर्षण का केंद्र—
वन मंत्री ने एनक्लोजर का उद्घाटन कर किया लोकार्पण

जयपुर, 26 मार्च। नाहरगढ़ जैविक उद्यान, जयपुर में पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ गया है। जम्मू (जम्मू एवं कश्मीर) से लाए गए एक नर एवं एक मादा हिमालयन काले भालू को गुरूवार से आमजन के अवलोकन के लिए प्रदर्शित किया गया।
वन, पर्यावरण मंत्री श्री संजय शर्मा ने गुरूवार को एनक्लोजर के डिस्प्ले एरिया का फीता काटकर औपचारिक उद्घाटन किया। इसके साथ ही दोनों भालुओं को पर्यटकों के लिए खोला गया।
उद्यान प्रशासन के अनुसार नर भालू की आयु लगभग 30 माह तथा मादा भालू की आयु लगभग 21 माह है। मंत्री ने नर भालू का नाम “हरि” और मादा भालू का नाम “कमला” रखा।
इस अवसर पर बाघ शिवाजी एवं बाघिन रानी के पांच शावकों का नामकरण भी किया गया। नर शावकों के नाम “सूर्या”, “शौर्य” और “विजय” जबकि मादा शावकों के नाम “अम्बे” और “वृंदा” रखे गए।
वन मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने जैविक उद्यान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनंद कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) श्री पवन कुमार उपाध्याय तथा मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक श्री के.सी.ए अरुण प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

