
जयपुर, 29 जनवरी 2025। राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ, वन विभाग की आम सभा में प्रकाश चंद यादव को एक बार फिर निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। अरण्य भवन में आयोजित इस सभा में बड़ी संख्या में मंत्रालयिक कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए।
गजेन्द्र सिंह राठौड़ का सम्मान समारोह
कार्यक्रम में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ को 5वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारी राजेश पारीक, देवेन्द्र सिंह नरूका, कुलदीप यादव, पप्पू शर्मा, कल्पित जैन, कौशल कुमार, राहुल कुमार, अजयवीर सिंह, देवी सिंह और पृथ्वी सिंह सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद रहे।
प्रकाश चंद यादव को फिर मिली जिम्मेदारी
इस अवसर पर वन विभाग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रकाश चंद यादव ने अपना कार्यकाल समाप्त होने की घोषणा की। लेकिन कर्मचारियों ने उन्हें एक और कार्यकाल के लिए अध्यक्ष बनाए रखने की अपील की। विभाग के प्रशासनिक अधिकारी सुबोध दाधीच ने भी समर्थन देते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यादव का नेतृत्व जरूरी है। सभा में मौजूद सभी कर्मचारियों ने ध्वनि मत से उनका समर्थन किया और वे निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए।
चेतन कुमार नुनीवाल ने दी जानकारी
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए चेतन कुमार नुनीवाल ने बताया कि कर्मचारियों की एकजुटता ने फिर से यादव को नेतृत्व सौंपने का निर्णय लिया, जिससे वन विभाग के कर्मचारियों को मजबूत नेतृत्व मिलेगा।
नेताओं और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
गजेन्द्र सिंह राठौड़ और राजेश पारीक ने यादव को साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर बधाई दी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) अरिजित बनर्जी ने भी उन्हें माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर महासंघ के नेताओं ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वे हर समस्या के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे और उनके अधिकारों की रक्षा करेंगे।